Published:
23 May 2026, 10:33 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
बागेश्वर। शनिवार सुबह क्षेत्र के खाईबगड़ में एक नेपाली मजदूर शराब के नशे में पुल पर चढ़कर वहां से कूदने का प्रयास करने लगा। जिसे देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ तथा फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। लगभग आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय दीपक सिंह कार्की पुत्र मान सिंह कार्की, मूल निवासी नेपाल, वर्तमान में खाईबगड़ क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता है। शनिवार सुबह वह शराब के नशे में खाईबगड़ पुल पर चढ़ गया। उसे पुल पर खड़े देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने उसे काफी देर तक समझाने तथा नीचे आने की अपील की, लेकिन वह नहीं माना।इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस तथा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया तथा कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी के अनुसार युवक अत्यधिक शराब के नशे में था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित मजदूर पहले भी कई बार पुल पर चढ़ चुका है। एक बार वह नदी में भी कूद गया था, जिससे क्षेत्र में पहले भी दहशत फैल चुकी है।
