उत्तराखण्ड में 24 अप्रैल से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

Published: 23 Apr 2026, 07:23 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान,बारिश और बर्फबारी की संभावना


 देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार अपने तेवर बदल रहा है। एक बार फिर  मौसम विभाग  ने चेतावनी दी है कि 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बर्फबारी की वापसी होगी। दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सूरज के तेवर तल्ख बने रहेंगे और तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक ऊपर जा सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अगले एक हफ्ते तक मौसम के मिजाज में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्रों में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में जहां गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है, वहीं मैदानी जिलों के बाशिंदों को फिलहाल तपती गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। देहरादून से लेकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर तक, चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में पारा सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रहने के कारण उमस और तपिश में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम फिर से सक्रिय होगा। जिसके बाद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की वापसी होगी। जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 25 अप्रैल को इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा और गर्जना के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। जबकि बाकी पहाड़ी जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है।

वीडियो और देखें
×