Published:
21 Nov 2025, 08:18 AM
|
Updated:
21 Nov 2025, 08:19 AM
Category:
उत्तर प्रदेश
|
By: Admin
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना रुधौली क्षेत्र के सेखुई–भानपुर रोड की है, जहाँ झाड़ियों में महिला का अर्धनग्न और खून से लथपथ शव मिला। शव के पास से पानी की बोतल, शराब की बोतल और दो गिलास भी बरामद किए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
पुलिस के अनुसार, शव देखने से प्रतीत होता है कि महिला पर चाकू या किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और संदिग्ध पहलुओं को चिन्हित कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतका की पहचान प्रीति (पत्नी बाबूलाल), निवासी—बांसी के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थीं और वीडियो बनाती थीं।
शव की पहचान मौके से मिले दस्तावेजों और कपड़ों के आधार पर की गई है। परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
परिवार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
प्रीति घर–घर जाकर झाड़ू–पोछा करने का काम करती थीं। पुलिस उनकी कॉल डिटेल (CDR) और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अंतिम बार किसके संपर्क में थीं।
मृतका का दो साल का बेटा दिलखुश घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर सड़क पर रोता हुआ मिला।
पति के अनुसार, प्रीति एक दिन पहले बेटे को साथ लेकर बहन के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। देर रात तक वह घर नहीं लौटीं और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की रात राजेश भट्ट नामक व्यक्ति को बच्चा सड़क पर बिलखता मिला।
उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर वे बच्चे को थाने ले गए। बाद में पुलिस ने बच्चे को परिजनों को सौंप दिया।
जांच में जुटी पुलिस का मानना है कि चूंकि प्रीति अपने बेटे को साथ लेकर निकली थीं, इसलिए बच्चे की उपस्थिति मामले का अहम सुराग साबित हो सकती है।
