Published:
14 Mar 2026, 07:43 AM
|
Updated:
14 Mar 2026, 07:43 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब विदेशी भाषाएं सीखकर विदेश में नौकरी करने का सपना देखने वाले युवाओं को अल्मोड़ा में ही ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।
राज्य सरकार ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। यह सेंटर मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत संचालित किया जाएगा।
फिलहाल इस योजना के तहत एकमात्र लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर देहरादून में संचालित हो रहा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी।
अल्मोड़ा में नया सेंटर खुलने के बाद प्रदेश में ऐसे दो प्रशिक्षण केंद्र हो जाएंगे, जिससे कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सरकार की ओर से अल्मोड़ा में लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस योजना का विस्तार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है।
अब तक इस योजना के तहत:
147 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया गया
92 युवाओं को विभिन्न देशों में नौकरी मिल चुकी है
प्रशिक्षण अवधि 8 से 10 महीने की होती है
16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है
इसके अलावा 10 युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव भी मिला है।
योजना को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने ट्रेनिंग बजट में भी बड़ा इजाफा किया है।
पहले जहां इस योजना के लिए 75 लाख रुपये का बजट था, उसे बढ़ाकर अब 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालातों के बीच सरकार उन युवाओं की भी चिंता कर रही है जो इस योजना के माध्यम से विदेशों में काम कर रहे हैं।
कौशल विकास मंत्री ने बताया कि सऊदी अरब में कार्यरत लगभग 30 युवाओं से संपर्क किया गया है और सभी सुरक्षित हैं।
