अंकिता को न्याय कब? 24 मार्च को मंत्रियों-विधायकों के घेराव का ऐलान, आंदोलन होगा तेज

Published: 19 Mar 2026, 06:21 AM   |   Updated: 19 Mar 2026, 06:22 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

उत्तराखंड को झकझोर देने वाले अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। ‘अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच’ ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए भाजपा सरकार को सीधे चुनौती दे दी है।

मंच ने घोषणा की है कि 24 मार्च से प्रदेशभर में मंत्रियों और विधायकों का सिलसिलेवार घेराव किया जाएगा। यह आंदोलन भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के मौके पर और अधिक उग्र रूप ले सकता है।

प्रदर्शन की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के घेराव से होगी। मंच का आरोप है कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को हल्के में लिया, जिससे जनता की भावनाएं और आहत हुई हैं।

संघर्ष मंच का कहना है कि अंकिता हत्याकांड में सामने आए कथित ‘VIP’ आरोपी को बचाने की कोशिशें की जा रही हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उनका आरोप है कि जिस व्यक्ति का नाम लगातार चर्चाओं में रहा, उस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और वह खुलेआम सक्रिय है।

मंच ने यह भी सवाल उठाया कि जिस विधानसभा में प्रदेश की बेटी को न्याय दिलाने पर चर्चा होनी चाहिए थी, वहां इस मुद्दे से बचने की कोशिश की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक कथित VIP आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और चरणबद्ध तरीके से पूरे उत्तराखंड में जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा।

वीडियो और देखें
×