अंकिता हत्याकांड: उत्तराखंड की अस्मिता और मातृशक्ति के सम्मान पर सवाल, कांग्रेस मुखर

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Rishikesh Darpan

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को स्थानीय गांधी पार्क में मौन उपवास एवं सत्याग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस अवसर पर कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक बेटी की निर्मम हत्या का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की अस्मिता, मातृशक्ति के सम्मान तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था से जुड़ा अत्यन्त संवेदनशील विषय है।

गोदियाल ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने लम्बे समय बाद भी कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब प्रदेश की जनता को नहीं मिल पाया है। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोपों के बावजूद मामले की निष्पक्ष जांच में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया, जिससे प्रदेश की महिलाओं और जनता में असुरक्षा का भाव बढ़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के नारे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार ऐसे नारे देती है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखण्ड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उठने वाली आवाजों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस ने इस मामले में राज्य की अस्मिता और महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

×