Published:
27 May 2026, 07:48 AM
Category:
राज्य
|
By: Admin
देहरादून। बीते रोज पछवादून के चकराता वन प्रभाग से जुड़े देवघार रेंज के चीड़ जंगलों में लगी भीषण आग विकराल होने से चारों तरफ फैल गई। जिसके चलते जडसू पाणी के पास सिविल सोयम के जंगल से फैली आग आरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचने से वनस्पतियां जलकर राख हो गई। साथ ही एक मकाल में लगी आग में एक व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जंगल से फैली आग की चपेट में आने से कूणा व बास्तील पंचायत के खेड़ा रगवाड़, बोराड, चैड़ाधार व आसपास इलाके में कई ग्रामीण बागवानों के सेब बगीचे आग की चपेट में आने से जल गए। स्थानीय पशुपालक रघुदास, चरणदास व सुनदास की तीन छानियां जलकर राख हो गई।
जंगल की आग से निजी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं सीमावर्ती बंगाण क्षेत्र के देवती गांव में एक ग्रामीण के आवासीय भवन में भीषण आग लगने से घर के अंदर सो रहा व्यक्ति चपेट में आ गया। आग रात करीब डेढ़ बजे लगी।बताया जा रहा है चूल्हे की चिंगारी से उठी आग लकड़ी व टीन से निर्मित एक मंजिला भवन में लगने से घर के अंदर धुआं फैल गया। आसपास के ग्रामीणों की तत्परता से मकान के अंदर सो रहे तीन बच्चों समेत दंपति को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। मकान में लगी आग की चपेट में आने से भवन स्वामी स्थानीय कृषक कलु बुरी तरह झुलस गया। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
