Published:
07 Apr 2026, 11:10 AM
|
Updated:
07 Apr 2026, 11:11 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
बागेश्वर जिले के कपकोट से विधायक सुरेश गढ़िया की एक टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कत्यूर महोत्सव के दौरान मंच से दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है।
महोत्सव में विधायक ने दिव्यांग बीडीसी सदस्य और हास्य कलाकार लच्छू पहाड़ी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “आपने लच्छू को डांस करते-करते नेता बना दिया… पता नहीं काम करेगा या नहीं, लेकिन डांस जरूर करेगा।” इस बयान को लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई।
विवाद बढ़ने पर लच्छू पहाड़ी और उनके पिता कुंदन राम ने भी इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की। लच्छू ने कहा कि वह लगातार अपने क्षेत्र में लोगों की समस्याएं उठाते हैं और सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है।
सोशल मीडिया पर बढ़ती आलोचना के बीच विधायक सुरेश गढ़िया ने सफाई देते हुए फेसबुक पर माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि यदि उनके किसी शब्द, खासकर “नाचने-गाने” जैसे शब्दों से लच्छू पहाड़ी या उनके परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वे इसके लिए हृदय से खेद प्रकट करते हैं और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।
इस पूरे मामले ने जनप्रतिनिधियों की भाषा और संवेदनशीलता को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
