Published:
04 May 2026, 08:38 AM
Category:
राष्ट्रीय
|
By: Admin
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के आने के बीच निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए जीत के जश्न पर रोक लगा दी है। साथ ही निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कहीं भी उम्मीदवारों की जीत के बाद विजय रैलियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि राज्य में विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के लिए मतों की गिनती का काम जारी है।
इस बारे में पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए लिया गया है।
उन्होंने कहा कि श्मतगणना बिल्कुल सही तरीके से जारी है और राज्य में हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई है। अग्रवाल ने कहा कि ‘‘हमने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आज किसी भी प्रकार की विजय रैली की अनुमति नहीं दी जाए। ये विजय जुलूस कल से निकाले जा सकेंगे। हम चुनाव के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं चाहते और सभी से शांत रहने और शांति बनाए रखने की अपील करते हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को विजय रैली निकालने के लिए स्थानीय थानों से अनुमति लेनी होगी। सीईओ अग्रवाल ने कहा कि राज्य में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। बंगाल में कहीं से भी चुनाव संबंधी कोई मौत होने की सूचना नहीं है।
वहीं विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग उन शिकायतों की जांच कर रहा है जिनमें कहा गया है कि विभिन्न दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।
