Published:
28 Feb 2026, 05:28 PM
|
Updated:
28 Feb 2026, 05:29 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आदमखोर बाघ/गुलदार के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। इस गंभीर स्थिति को लेकर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने हल्द्वानी में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मामला प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने बताया कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के कई गांवों में आदमखोर बाघ या गुलदार का आतंक लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में धारी के तल्ली दिनी और खुटियाखाल तथा ओखलकांडा के चमोली क्षेत्र सहित भीमताल इलाके में चार महिलाओं को गुलदार अपना शिकार बना चुका है। इन दर्दनाक घटनाओं के बाद ग्रामीणों में गहरा डर व्याप्त है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
विधायक कैड़ा ने यह भी बताया कि अब तक पकड़े गए गुलदारों की डीएनए रिपोर्ट भी लंबित है, जिससे वास्तविक आदमखोर की पहचान और कार्रवाई में देरी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि आदमखोर बाघ/गुलदार से निजात दिलाने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाए जाएं।
उन्होंने जंगल से सटे गांवों के रास्तों की सफाई वन विभाग से कराने, ग्राम सभाओं में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग स्थापित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों को राहत और सुरक्षा मिल सके।
लगातार हो रहे हमलों से सहमे पहाड़ी गांवों में भय का साया गहराता जा रहा है और ग्रामीणों को अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और स्थायी समाधान का इंतजार है।
