भीमताल में 'जनता के द्वार' पहुंचे विधायक राम सिंह कैड़ा: मौके पर ही अधिकारियों को लगाई फटकार; बोले- 'अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचे सरकारी योजना का लाभ'

Published: 19 Feb 2026, 12:37 PM   |   Updated: 19 Feb 2026, 12:54 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "सरकार जनता के द्वार" संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा एक्शन मोड में नजर आए। गुरुवार को भीमताल नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में विधायक ने न केवल जनता की समस्याओं को सुना, बल्कि कई बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी फाइलों को मौके पर ही अधिकारियों से निस्तारित करवाया।

बिजली, पानी और पार्किंग की उठी मांग

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विधायक के सम्मुख समस्याओं का अंबार लगा दिया। मुख्य रूप से बिजली की अघोषित कटौती, पेयजल किल्लत, जर्जर स्कूली शिक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के बढ़ते दबाव के बीच पार्किंग की अनुपलब्धता जैसे मुद्दे छाए रहे। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर ढिलाई बरती जाती है।

"अंतिम छोर का व्यक्ति है सरकार की प्राथमिकता"

विधायक राम सिंह कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी की सरकार का स्पष्ट विजन है कि विकास की किरण समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा:

"अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करें। अगर किसी गरीब व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छोटी-बड़ी हर समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।"

राज्य मंत्री और संगठन के दिग्गज रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री शांति महरा ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, दिनेश सागुड़ी, गौतम मटियाली, गोपाल कृष्ण भट्ट और पंकज जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

विधायक ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर जनता की समस्याओं का जायजा लें। विशेष रूप से जल संस्थान और ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम से पहले पेयजल और बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वीडियो और देखें
×