Published:
26 Feb 2026, 11:11 AM
|
Updated:
26 Feb 2026, 11:21 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
भीमताल। देवभूमि को नशे के जहर से बचाने के लिए नैनीताल पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान भीमताल पुलिस ने चॉफी रोड वन विभाग बैरियर के पास नशे के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस ने एक कार से चरस की तस्करी कर रहे हल्द्वानी के चार शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
चॉफी बैरियर पर बिछाया जाल बीते बुधवार की शाम प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम चॉफी रोड पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान धानाचूली बैंड की ओर से आ रही एक सफेद रंग की अल्टो कार (UK06K4585) को संदिग्ध लगने पर रोका गया। पुलिस टीम को देखते ही कार सवार युवक घबरा गए। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 434 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में ले लिया।
हल्द्वानी के रहने वाले हैं चारों आरोपी पकड़े गए चारों आरोपी हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं:
राजेन्द्र सिंह नगरकोटी (27 वर्ष) - फतेहपुर मुझरौड़ा
बॉबी नगरकोटी (24 वर्ष) - फतेहपुर मेन
नीतीश नगरकोटी (30 वर्ष) - फतेहपुर मुझरौड़ा
शिवांश रावत (23 वर्ष) - भट्ट कॉलोनी
पुलिस की दो-टूक: बख्शे नहीं जाएंगे सौदागर एसपी डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये चरस कहाँ से लाई गई थी और हल्द्वानी में किसे सप्लाई की जानी थी।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम: इंस्पेक्टर राजेश कुमार यादव, एसआई महेन्द्र राज सिंह, कांस्टेबल बलजीत सिंह, विरेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र कुमार और सतीश सिंह राणा।
