Published:
22 Jun 2026, 11:02 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
हरिद्वार। बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से चुरायी गयी 6 बाइक बरामद की गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बीती 21 जून को थाना पथरी में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में दो मुकदमें दर्ज किये गये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा थानाध्यक्ष पथरी को चोरी गई मोटरसाइकिलों की शीघ्र बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की तथा डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी क्रम में बीती शाम एक सूचना के आधार पर पुलिस ने घुण्टी चैक जाने वाले मार्ग से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। हिरासत में लिये गये संदिग्धों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार किये गये दोनो आरोपियों के नाम सुधांशु पुत्र पवन निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार व मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताया जा रहा है।
