कांग्रेस विधायकों के आचरण के विरोध में भाजपा ने किया पुतला दहन

Published: 23 Aug 2025, 06:04 AM
Category: राष्ट्रीय   |   By: Admin

अल्मोड़ा। गैरसैण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों के कथित अमर्यादित आचरण और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को चौघानपाटा में कांग्रेस पार्टी और उसके विधायकों का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हालिया मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जानबूझकर सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी और लोकतांत्रिक गरिमा को ठेस पहुंचाई। वक्ताओं ने कहा कि सदन के भीतर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, विकास और जनहित से जुड़े विधेयकों को पारित न होने देना और अराजक माहौल पैदा करना कांग्रेस की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति को दर्शाता है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इन घटनाओं से प्रदेश की जनता आहत है और कांग्रेस को पंचायत चुनावों में मिली हार से भी सबक नहीं मिला है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, महापौर अजय वर्मा, गोविंद पिल्खवाल, ललित लटवाल, सिकंदर पवार, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, रणजीत सिंह भंडारी, जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद बिष्ट, पार्षद अर्जुन बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी, देवेंद्र भट्ट, मनोज जोशी, मनोज सनवाल, आनंद कनवाल, जगदीश नगरकोटी, दिनेश मठपाल, नगर उपाध्यक्ष दीपा अधिकारी, कमला तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, पूर्व सभासद त्रिलोचन जोशी, मनोज तिवारी, सुनील कर्नाटक, नगर उपाध्यक्ष आनंद भोज, संदीप श्रीवास्तव, प्रधान किशन बिष्ट, मनीष जोशी, विपिन बिष्ट, ललित मेहता समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

वीडियो और देखें
×