Published:
02 Mar 2026, 03:39 PM
|
Updated:
02 Mar 2026, 03:42 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून: रंगों के पर्व होली की बहार सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में देखते ही बन रही थी। मौका था मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदेश भर के लोक कलाकारों और संस्कृति कर्मियों के होली मिलन का। सीएम आवास का प्रांगण सोमवार को सांस्कृतिक समृद्धि और एकता के रंगों में सराबोर नजर आया।
एक प्रांगण में सिमटा पूरा उत्तराखंड सुबह से ही प्रदेश भर से आई लोक कलाकारों की टोलियां पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर होली गीत गाते हुए सीएम आवास पहुंचने लगीं। वातावरण पूरी तरह से लोक के रंगों में डूब गया। एक तरफ जहां हारूल नृत्य करते जौनसारी कलाकार आकर्षण का केंद्र बने, तो वहीं कुमाऊं से आए होल्यारों ने अपनी मधुर धुनों से समां बांध दिया।
इसके साथ ही पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने "आई डान्ड्यू बसंत, डाली मा मौल्यार" के सुरों से समां बांध दिया, तो कुमाउनी कलाकारों ने "आओ दगड़ियो, नाचा गावा, आ गई रंगीली होली" के आह्वान से हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
लोक कलाकारों के साथ थिरके सीएम धामी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद सहज और रंगे हुए नजर आए। लोक संस्कृति के इस अद्भुत नजारे को देख सीएम खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने लोक कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
कलाकारों ने की सीएम की सराहना इस विशेष अवसर पर लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति को बढ़ावा देने और लोक कलाकारों को संरक्षण प्रदान करने के लिए ऐतिहासिक काम कर रही है। कलाकारों ने सीएम के साथ होली मनाने को अपने लिए एक यादगार पल बताया।
