सीएम धामी से ITBP DG शत्रुजीत कपूर की शिष्टाचार भेंट, सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास पर चर्चा

Published: 22 Feb 2026, 04:54 PM   |   Updated: 22 Feb 2026, 04:54 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा, विकास कार्य और आपदा प्रबंधन में समन्वय को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सीएम धामी ने आईटीबीपी की सीमाओं की सुरक्षा में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्य में आईटीबीपी का योगदान अत्यंत अहम है। उन्होंने बताया कि सीमांत जिलों में तैनात जवान न केवल देश की सुरक्षा में अग्रणी हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, स्वास्थ्य, संचार और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और आईटीबीपी के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

डीजी आईटीबीपी शत्रुजीत कपूर ने मुख्यमंत्री को सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं, आधुनिक संसाधनों और बल की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आईटीबीपी को प्रदान किए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी समन्वय बनाए रखने का आश्वासन दिया।

बैठक में आपदा प्रबंधन, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में आईटीबीपी की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय आईटीबीपी ने सदैव तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर प्रदेशवासियों का विश्वास जीता है।

सीएम धामी ने कहा कि “सुरक्षित सीमा, सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प के साथ राज्य सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कार्य कर रही है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भविष्य में राज्य सरकार और आईटीबीपी के मध्य नियमित संवाद एवं प्रभावी समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा जताई।

वीडियो और देखें
×