पेंशन की 'वन-क्लिक' खुशहाली: CM धामी ने 9.5 लाख चेहरों पर बिखेरी मुस्कान; बोले- 'अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचेगा अधिकार'

Published: 01 Mar 2026, 03:40 PM   |   Updated: 01 Mar 2026, 03:51 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रदेश के लाखों बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के जीवन में आर्थिक उजाला भरा है। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सीएम धामी ने एक 'क्लिक' के जरिए प्रदेश के 9,57,651 लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹141.91 करोड़ की पेंशन राशि हस्तांतरित की।

हर वर्ग का रखा ख्याल, सीधे खाते में पहुँची मदद इस बार की पेंशन किश्त में न केवल फरवरी माह की राशि, बल्कि एरियर भी शामिल है, जिससे लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। आँकड़े गवाही दे रहे हैं कि सरकार समाज के हर कमजोर वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी है:

  • वृद्धावस्था पेंशन: 5.93 लाख बुजुर्गों को ₹8897.76 लाख।

  • विधवा पेंशन: 2.31 लाख महिलाओं को ₹3473.89 लाख।

  • दिव्यांग पेंशन: 87 हजार से अधिक भाई-बहनों को ₹1312.15 लाख।

  • अन्य लाभ: किसान, परित्यक्ता और तीलू रौतेली पेंशन योजनाओं में भी करोड़ों की राशि वितरित की गई।

"पेंशन सिर्फ पैसा नहीं, सम्मानपूर्ण जीवन का हक है" मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि ये योजनाएं केवल सरकारी आंकड़े नहीं हैं, बल्कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता और सामाजिक न्याय का प्रमाण हैं। उन्होंने स्पष्ट लहजे में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहाड़ के दूरस्थ इलाकों में रहने वाला कोई भी पात्र व्यक्ति इस लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सीएम ने कहा, "अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का चेहरा जब मुस्कुराता है, तभी सरकार की मेहनत सफल होती है।" नवाचार और जनसंपर्क पर जोर बैठक में सीएम ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि "जन-जन की सरकार" कार्यक्रम के शिविरों का सकारात्मक असर दिख रहा है और इसे निरंतर जारी रखा जाए ताकि हर जरूरतमंद को सम्मानपूर्वक जीवनयापन का संबल मिल सके।

वीडियो और देखें
×