Published:
02 Mar 2026, 01:28 PM
|
Updated:
02 Mar 2026, 01:29 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने “वसूली अभियान मोर्चा” नामक सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट पर पार्टी नेताओं की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कथित रूप से कूट रचित पोस्ट डाले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले में सोमवार को प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने SSP को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि उक्त फेसबुक अकाउंट संचालक द्वारा लगातार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कुप्रचार किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पहले भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने 28 दिसम्बर 2025 को लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार 28 फरवरी 2026 को उक्त फेसबुक पेज पर पुनः कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से एक वीडियो पोस्ट किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से सोशल मीडिया संचालक के हौसले बढ़ रहे हैं और इससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि उसे सरकार या पुलिस प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जहां राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करने वाले आम नागरिकों के खिलाफ पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है, वहीं कांग्रेस नेताओं की शिकायतों पर कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने SSP से मांग की कि “वसूली अभियान मोर्चा” सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
