Published:
11 Feb 2026, 12:17 PM
|
Updated:
11 Feb 2026, 12:18 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून। राजधानी के मांडूवाला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए नशेड़ी दबंगों ने एक कैफे में खूनी खेल खेला। महज सिगरेट और तंबाकू उधार न देने पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने न केवल मर्यादा की सीमाएं लांघी, बल्कि एक निर्दोष ग्राहक को लहूलुहान कर दिया।
आधी रात को 'हॉरर' बना कैफे पीड़िता अंजलि के अनुसार, 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे जब वह अपने कैफे में काम कर रही थीं, तभी कार सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। नशे में धुत इन युवकों ने उधार सिगरेट मांगी। इनकार करने पर वे गाली-गलौज पर उतर आए। जब अंजलि ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए।
बचाने आए ग्राहकों पर रॉड से प्रहार कैफे के बाहर खड़े कुछ ग्राहकों ने जब महिला की अस्मत बचाने की कोशिश की, तो हमलावर और उग्र हो गए। आरोपी निखिल ने पीछे से एक ग्राहक के सिर पर लोहे की भारी रॉड दे मारी। सिर फटने से युवक वहीं ढेर हो गया और चारों तरफ खून फैल गया। जान बचाने के लिए संचालिका ने खुद को और ग्राहकों को कैफे के अंदर बंद किया, तब जाकर उनकी जान बची।
CCTV खंगाल रही पुलिस प्रेमनगर थाना पुलिस ने अंजलि की तहरीर पर निखिल, सुरजीत, सूरज और लक्ष्मीचंद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।
