देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार लोकपर्व फूलदेई मनाया

Published: 14 Mar 2026, 10:47 AM   |   Updated: 14 Mar 2026, 10:47 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व फूलदेई हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को फूलदेई की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक परिधान पहनकर घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित किए और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने “फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला- उतुके सई” जैसे पारंपरिक लोकगीत भी गाए। मुख्यमंत्री ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकपर्व फूलदेई राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह त्योहार बसंत ऋतु के आगमन के साथ जीवन में नई ऊर्जा और प्रकृति की सुंदरता का संदेश देता है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि लोक त्योहारों को धूमधाम से मनाया जाए ताकि यह परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचें और हमारी संस्कृति हमेशा जीवित रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा कि फूलदेई पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, बसंत का स्वागत और लोकसंस्कृति के संरक्षण का संदेश देता है, और यह हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और आने वाली पीढ़ियों को इन अमूल्य परंपराओं से परिचित कराने की प्रेरणा देता है।

वीडियो और देखें
×