Published:
11 Feb 2026, 06:41 AM
|
Updated:
11 Feb 2026, 06:43 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट के पास बदमाशों ने अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। घटना के समय वह अपनी कार में बैठे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्होंने अर्जुन सिंह के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राथमिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई, जहां से सचिवालय और पुलिस मुख्यालय महज 500 मीटर की दूरी पर हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहरभर में चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
