Published:
18 Feb 2026, 10:22 AM
|
Updated:
18 Feb 2026, 10:23 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून कचहरी में 'बम' का खौफ: ई-मेल से मिली कोर्ट उड़ाने की धमकी, जज और वकील जान बचाकर भागे; सुरक्षा एजेंसियों ने घेरा परिसर
देहरादून। राजधानी के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार कचहरी परिसर बुधवार को अचानक छावनी में तब्दील हो गया। जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी ने पूरी न्यायपालिका और पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है।
अचानक खाली कराया गया परिसर, काम-काज ठप जैसे ही बम की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंची, बिना देरी किए पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराने के निर्देश दिए गए। देखते ही देखते ज्यूडिशरी के अधिकारी, कर्मचारी, सैकड़ों की संख्या में मौजूद वकील और अपने वादों के लिए आए फरियादी परिसर से बाहर की ओर दौड़ पड़े। सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया है।
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। मौके पर बम स्क्वॉड (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंच चुकी हैं। चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध बैगों, अलमारियों और पार्किंग में खड़े वाहनों को मेटल डिटेक्टर के जरिए चेक किया जा रहा है।
साइबर सेल खंगाल रही ई-मेल का स्रोत पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस मेल आईडी से यह धमकी भेजी गई है, उसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश। फिलहाल कचहरी परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा बल मुस्तैद हैं।
दून कचहरी में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में लगी यह सेंध चिंता का विषय है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, तब तक किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
