खनन माफिया के हौसले बुलंद! हाईवे पर SDO को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, कॉलर पकड़ बरसाए थप्पड़; वीडियो वायरल

Published: 28 Feb 2026, 10:52 AM   |   Updated: 28 Feb 2026, 10:53 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून: उत्तराखंड में खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे वर्दी और कानून को भी ठेंगा दिखा रहे हैं। देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध खनन की जांच करने गए चकराता डिवीजन के SDO राजीव नयन नौटियाल पर माफिया ने सरेआम हाईवे पर हमला कर दिया। SDO को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

हाईवे पर गुंडागर्दी: कॉलर पकड़ा, गिराया और पीटा

घटना 27 फरवरी की शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार, SDO राजीव नयन नौटियाल अपनी टीम के साथ कालसी से विकासनगर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने बड़वाला-हरिपुर पुल के पास यमुना नदी में अवैध खनन कर रहे एक डंपर को देखा। SDO ने जैसे ही इसकी वीडियोग्राफी शुरू की, माफिया के गुर्गे उन पर टूट पड़े।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि खनन माफिया के लोग बीच हाईवे पर SDO का कॉलर पकड़कर उन्हें धक्का दे रहे हैं। पहले उन्हें धक्का देकर गिराया गया और फिर साइड में ले जाकर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए गए।

मोबाइल तोड़ा, डंपर से कुचलने का प्रयास

SDO द्वारा विकासनगर कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, संदिग्धों ने पहले उनका मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। जब SDO ने एक संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश की, तो एक वाहन (UK07AQ8213) में आए अन्य लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। SDO ने जब गाड़ी रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने उनकी ओर गाड़ी बढ़ा दी। जान बचाने के लिए SDO ने डंडे से गाड़ी रोकने का प्रयास किया, लेकिन माफिया के गुर्गों ने बाहर आकर उन्हें फिर पीटा।

कानून-व्यवस्था पर सवाल: एक दिन पहले मवेशियों को रौंदा था

ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पर इस तरह का खुला हमला प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बदहाली को दर्शाता है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले ही आदूवाला में दो तेज रफ्तार खनन डंपरों ने सड़क पर जा रहे मवेशियों को रौंद दिया था, जिसमें पांच भैंसों की मौत हो गई थी।

पुलिस ने SDO की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

वीडियो और देखें
×