देहरादून झंडा मेला 2026: 8 मार्च को होगा झंडा आरोहण, सुरक्षा के लिए ड्रोन-CCTV से कड़ी निगरानी

Published: 07 Mar 2026, 06:26 AM   |   Updated: 07 Mar 2026, 06:28 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून का ऐतिहासिक और प्रसिद्ध झंडा मेला इस वर्ष 8 मार्च से श्री दरबार साहिब में आयोजित होने जा रहा है। परंपरा के अनुसार यह मेला होली के पांचवें दिन आयोजित किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मेले से पहले एसपी सिटी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया है। इसके तहत बिंदाल पुल से तिलक रोड और तालाब क्षेत्र की ओर सभी प्रकार के दोपहिया और चौपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसी तरह सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर किसी भी वाहन को आने की अनुमति नहीं होगी। वहीं मेले के दौरान बैण्ड बाजार से दरबार साहिब की ओर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। सभी वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था प्रदान करना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के झंडा मेले की परंपराओं में शामिल हो सकें।

वीडियो और देखें
×