Published:
07 Apr 2026, 06:37 AM
|
Updated:
07 Apr 2026, 06:38 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून के सहारनपुर रोड क्षेत्र में जमीन खरीद के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां सुनियोजित साजिश के तहत एक चिकित्सक से करीब 71 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। हरबर्टपुर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी, जो ए.डब्ल्यू.सी. हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें जमीन बेचने का झांसा दिया।
जानकारी के अनुसार, चमोली निवासी हर्षवर्धन सिंह रावत के माध्यम से उनकी मुलाकात फतेहपुर निवासी रजनीश कुमार सैनी से हुई, जिसने सहारनपुर रोड पर स्थित भूमि को अपनी बताकर बेचने की पेशकश की। एक बीघा दो बिस्वा जमीन का सौदा 65 लाख रुपये में तय हुआ। 3 दिसंबर 2024 को दो लाख रुपये बयाने के रूप में दिए गए, जिसके बाद अलग-अलग तिथियों में आरोपियों ने विभिन्न बहानों से अतिरिक्त रकम भी वसूली।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खाता संख्या 893 के विभिन्न खसरा नंबरों की जमीन के फर्जी विक्रय पत्र तैयार कर उपनिबंधक कार्यालय विकासनगर में रजिस्ट्री भी करा दी। इस आधार पर उनसे 65 लाख रुपये के साथ करीब 6 लाख रुपये रजिस्ट्री खर्च के रूप में ले लिए गए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित जमीन पर चारदीवारी कराने पहुंचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि रजिस्ट्री में दर्शाई गई भूमि नदी क्षेत्र में है, जबकि मौके पर दिखाई गई जमीन किसी अन्य व्यक्ति की है। जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने फोन बंद कर दिया। बाद में 6 नवंबर 2025 को बातचीत के बहाने बुलाकर आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।
