Published:
21 Feb 2026, 12:02 PM
|
Updated:
21 Feb 2026, 12:02 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में 13 फरवरी को हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर से राजकुमार को गिरफ्तार किया है, जो एक पुलिस अधिकारी का भाई बताया जा रहा है।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है।
जांच में सामने आया है कि शूटर्स को भुगतान राजकुमार के बैंक खाते से किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, अब तक पुलिस सीधे तौर पर गोली चलाने वाले हमलावरों तक नहीं पहुंच पाई है।
राजकुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिल सकते हैं और फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
घटना वाले दिन सुबह सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में जिम से बाहर निकलते समय विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोलियां सीधे सिर और सीने में लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इस वारदात में तीन हमलावर शामिल थे। दो आरोपी मॉल के अंदर पहले से मौजूद थे, जबकि तीसरा बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था। फायरिंग के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
मॉल की पहली मंजिल पर लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी विक्रम के पीछे-पीछे चलते हैं और बेहद करीब से गोलियां दागते हैं।
सूत्रों के मुताबिक हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। वहीं यह भी चर्चा है कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति विक्रम के करीबी गिरोह से जुड़ा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शहर में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
