Published:
11 Feb 2026, 06:51 AM
|
Updated:
11 Feb 2026, 06:53 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी/भीमताल। राजधानी दिल्ली से भीमताल एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे युवक को जहरखुरानों ने रास्ते में अपना शिकार बना लिया। युवक को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया और उसका मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड व नकदी लूट ली गई। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल के जरिए खाते से करीब एक लाख रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के गणाई गंगोली निवासी पंकज पांडे दिल्ली में डिजिटल मार्केटिंग का कार्य करता है। वह सोमवार रात आनंद विहार से रोडवेज बस में सवार होकर भीमताल के लिए निकला था। यात्रा के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गया।
बेहोशी की हालत में बदमाशों ने उसका पर्स, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। आरोप है कि उसके मोबाइल का इस्तेमाल कर बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये भी ट्रांसफर कर लिए गए।
मंगलवार सुबह हल्द्वानी पहुंचने पर युवक को काठगोदाम डिपो की बस से शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े युवक को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से उसे कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर रोडवेज बसों में सक्रिय जहरखुरानी गिरोहों की मौजूदगी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
