Published:
03 Dec 2025, 06:02 AM
|
Updated:
03 Dec 2025, 06:02 AM
Category:
व्यापार
|
By: Admin
उत्तराखंड सरकार ने गन्ना किसानों के हित में महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय को किसानों के लिए बड़ा आर्थिक सहारा माना जा रहा है।
कुमाऊँ संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि नए दर लागू होने के बाद शीघ्र प्रजाति का गन्ना 405 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति 395 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है, जिसका लाभ किसानों को इसी पेराई सत्र से मिलने लगेगा।
नेगी ने दावा किया कि गन्ना मूल्य के मामले में उत्तराखंड अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से आगे निकल गया है, जो धामी सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रमाण है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के 2.98 लाख पंजीकृत गन्ना किसान, 88,603 हेक्टेयर क्षेत्र और 738.95 लाख क्विंटल उत्पादन पर इस बढ़ोतरी का सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही सरकार द्वारा आठों चीनी मिलों में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 139.70 करोड़ रुपये की ऋण सहायता भी जारी की जा चुकी है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप कुकसाल सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।
