Published:
07 Apr 2026, 11:05 AM
|
Updated:
07 Apr 2026, 11:06 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र अंतर्गत जुम्मा गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के निर्देश पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से घायल बच्ची के परिवार को ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी गई।
यह हादसा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत “एलागाड़ से जुम्मा मोटर मार्ग” निर्माण कार्य के दौरान हुआ, जब जेसीबी मशीन से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें 4 वर्षीय पार्वती धामी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चियों को धारचूला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भी भेजा गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित विभागों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और बच्ची के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।
प्रशासन की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
