Published:
11 Feb 2026, 12:06 PM
|
Updated:
11 Feb 2026, 12:08 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
दिनेशपुर मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। टाटा मैजिक को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित कार ने सामने से आ रही बाइक को भीषण टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवती समेत तीन लोग लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों की पहचान जगदीशपुर निवासी सुरंजन विश्वास (27), काली नगर निवासी नेहा हालदार (23) और श्रीरामपुर निवासी देव सरकार (23) के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, नेहा हालदार और सुरंजन विश्वास की हालत अत्यंत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं देव सरकार का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घायलों को उपचार दिलाने के साथ ही फरार चालक की तलाश में क्षेत्र में घेराबंदी की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
