निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय नौडियाल प्रकरण: सचिवालय संघ समेत शिक्षक संगठनों में रोष, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Published: 24 Feb 2026, 06:41 AM   |   Updated: 24 Feb 2026, 06:42 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय नौडियाल से जुड़े घटनाक्रम को लेकर प्रदेश में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरकारी दफ्तर के भीतर हुई कथित मारपीट की घटना पर अब सचिवालय संघ और विभिन्न शिक्षक संगठनों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

देहरादून में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सचिवालय संघ के पूर्व अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में घुसकर मारपीट करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अधिकारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा होना स्वाभाविक है।

वहीं उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने भी इस घटनाक्रम पर गहरा आक्रोश जताया। उनका कहना था कि यदि सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

इसी क्रम में माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अभिषेक भट्ट ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कर्मचारियों को हड़ताल जैसे कदम उठाने के लिए बाध्य कर सकती हैं। उन्होंने कहा, “जीवन से बढ़कर कुछ नहीं है। यदि कार्यस्थल पर ही सुरक्षा की गारंटी न हो तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।”

संघ नेताओं ने इसे उत्तराखंड में किसी अधिकारी के साथ हुई पहली ऐसी गंभीर घटना बताते हुए कहा कि इससे आम व्यक्ति की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। सभी संगठनों ने एक सुर में दोषियों के खिलाफ कठोर और उदाहरणात्मक कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला अब प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और कर्मचारी संगठनों की निगाहें सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

वीडियो और देखें
×