Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। शहर के प्रतिष्ठित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार को एक संयुक्त निरीक्षण के बाद रेस्टोरेंट को तत्काल बंद कर दिया गया और संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने इस मामले को चिंताजनक बताया है।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव और रमेश सिंह तथा अभिहित अधिकारी मनीष सयाना शामिल थे। मौके पर दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी उपस्थित थे। टीम ने पाया कि रेस्टोरेंट की रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच-चूहों की मौजूदगी थी, फ्रीजर में सड़ी-गली सब्जियां और बासी खाद्य सामग्री भरी थी, जबकि सफाई व्यवस्था बदहाल थी। इसके अलावा, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।
सचिव सीमा डुंगराकोटी ने जोर देकर कहा कि दून क्लब जैसे संस्थान में जहां वीवीआईपी और गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है, वहां भोजन की तैयारी और भंडारण में स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। संचालक को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 14 दिन के भीतर सफाई, पेस्ट कंट्रोल, जल निकासी, पेयजल जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़ी सभी कमियां दूर करें। यदि तय अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण में सुधार नहीं मिलता है, तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
