LPG संकट पर सरकार पर बरसे गणेश गोदियाल: “समस्या से मुंह फेर कर जनता के साथ धोखा कर रही सरकार”

Published: 14 Mar 2026, 07:13 AM   |   Updated: 14 Mar 2026, 07:14 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक समस्या से मुंह फेरकर जनता को गुमराह कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि आज प्रदेश में जिस तरह से लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है। एक तरफ सरकार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है, वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसियों के बाहर सुबह तड़के से लेकर देर शाम तक लगी लंबी कतारें इन दावों की सच्चाई खुद बयां कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि गैस एजेंसियों के फोन नंबर तक नहीं लग रहे हैं। पहले जहां सिलेंडर बुक करने के बाद दो से चार दिन में डिलीवरी मिल जाती थी, वहीं अब शहरी क्षेत्रों में लोगों को करीब 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी से जो संकट पैदा हुआ है, उसके लिए डबल इंजन की सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि जब इस मुद्दे को विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने उठाया तो संबंधित मंत्री ने इसे केंद्र सरकार का विषय बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।

गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2014 में यही सरकार महंगाई के खिलाफ नारे लगाती थी, उस समय गैस सिलेंडर करीब 560 रुपये का मिलता था, जबकि आज वही सिलेंडर 1000 रुपये के पार पहुंच चुका है। इसी तरह पेट्रोल की कीमत भी 63 रुपये से बढ़कर 95 रुपये के पार हो गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की नई एडवाइजरी और बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो गई है। पिछले तीन-चार दिनों से एजेंसियों तक पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे छोटे रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

गोदियाल ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा हालात देश की कमजोर विदेश नीति को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय दबावों के आगे झुक रही है और देश की संप्रभुता के साथ समझौता कर रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और आम जनता को इसी तरह परेशान होना पड़ा, तो कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

वीडियो और देखें
×