गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार: डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले में छापेमारी तेज

Published: 10 Mar 2026, 12:29 PM   |   Updated: 10 Mar 2026, 12:32 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच घरेलू एलपीजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, सभी उपजिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए। साथ ही जनपद के सभी गैस वितरण एजेंसियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के गोदामों में स्टॉक की स्थिति, एलपीजी सिलेंडरों के वितरण की प्रक्रिया, एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर के वितरण के बीच निर्धारित अंतराल के नियमों का पालन, तथा अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को जारी गैस वितरण पासबुक में सिलेंडर वितरण से संबंधित सभी विवरण सही तरीके से दर्ज किए जाने की भी जांच की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि छापेमारी के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रहे और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

वीडियो और देखें
×