Published:
07 Apr 2026, 06:03 AM
|
Updated:
07 Apr 2026, 06:04 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
सरकार जहां एक ओर रसोई गैस की समय पर आपूर्ति और पारदर्शी वितरण प्रणाली का दावा करती है, वहीं नैनीताल जिले के हल्दूचौड़ क्षेत्र से सामने आया एक मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। जग्गीबंगर निवासी वरिष्ठ नागरिक मोहन सिंह दानू ने 17 मार्च 2026 को भारत पेट्रोलियम की ज्वालाजी गैस सर्विस, देवलचौड़ हल्द्वानी में घरेलू गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन कई दिनों बाद भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया।
हैरानी की बात यह है कि 4 अप्रैल 2026 को उनके बैंक खाते में ₹18 की गैस सब्सिडी राशि पहुंच गई, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर प्राप्त ही नहीं हुआ। वहीं गैस बुक में एंट्री 7 फरवरी 2026 की दिखाई जा रही है, जिससे पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने 5 अप्रैल को जिला पूर्ति अधिकारी को फोन कर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। अकेले रहने वाले इस वरिष्ठ नागरिक के लिए बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाना मुश्किल हो रहा है, इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि एक वरिष्ठ नागरिक को गैस जैसी आवश्यक सुविधा के लिए इस तरह परेशान होना पड़ रहा है, तो यह व्यवस्था की बड़ी खामी है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित को जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
