डायल 112 पर 'फायरिंग' की झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ाना पड़ा भारी, युवक की खुली पोल तो लगा 5 हजार का फटका

Published: 11 Feb 2026, 12:43 PM   |   Updated: 11 Feb 2026, 12:45 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हल्द्वानी (मुखानी)। आपातकालीन सेवा डायल 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस की 'परेड' कराना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने न केवल युवक के झूठ का पर्दाफाश किया, बल्कि पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए भारी-भरकम जुर्माना भी वसूल लिया।

आधी रात को दी 'फायरिंग' की खबर मामला मंगलवार रात करीब 10:23 बजे का है। मल्ला फतेहपुर (ऊंचापुल) निवासी तुषार कबड़वाल ने पुलिस को फोन कर दावा किया कि कुछ दबंग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और मौके पर गोलियां चल रही हैं। 'फायरिंग' की सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी ने तत्काल उपनिरीक्षक सूरज सिंह और पीसीआर टीम को सायरन बजाते हुए मौके की ओर रवाना किया।

सच्चाई देख चकरा गई पुलिस पुलिस जब भारी बल के साथ मौके पर पहुंची, तो वहां सन्नाटा था। न कहीं गोलियां चली थीं और न ही कोई खून-खराबा हुआ था। तफ्तीश में पता चला कि मामला महज मामूली कहासुनी और आपसी झगड़े का था, जिसे युवक ने सनसनीखेज बनाने के लिए 'फायरिंग' का नाम दे दिया।

थाने पहुंचते ही उतर गया 'फायरिंग' का भूत पुलिस को गुमराह करने और सरकारी संसाधनों का समय बर्बाद करने के आरोप में पुलिस तुषार को थाने ले आई। यहां पुलिस एक्ट की धारा के तहत युवक का 5000 रुपये का नकद चालान किया गया।

नैनीताल पुलिस की चेतावनी: डायल 112 मजाक नहीं एसएसपी नैनीताल की ओर से सख्त हिदायत दी गई है कि डायल 112 सेवा आम जनमानस की सुरक्षा के लिए है। यदि कोई भी व्यक्ति मनोरंजन या पुलिस को परेशान करने के इरादे से झूठी सूचना देगा, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

वीडियो और देखें
×