Published:
26 Feb 2026, 11:59 AM
|
Updated:
26 Feb 2026, 12:00 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी (काठगोदाम)। शहर के शांत माहौल को दरिंदगी की एक ऐसी वारदात ने दहला दिया है, जिसने महिला सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। काठगोदाम थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय एक छात्रा के साथ उसके ही पड़ोसियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। 10वीं में पढ़ने वाली इस किशोरी को न केवल अगवा किया गया, बल्कि जबरन शराब पिलाकर कार के भीतर ही सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
सामान लेने निकली थी, जाल बिछाकर बैठे थे दरिंदे एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 24 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की है। छात्रा घर के पास ही एक दुकान से सामान लेने निकली थी। इसी दौरान उसके घर के पास ही किराए पर रहने वाले मूल रूप से अल्मोड़ा (दन्या) निवासी मोहित (20) और प्रदीप (24) ने उसे रोका और घुमाने के बहाने जबरन कार में बैठा लिया।
जंगल में दरिंदगी, बेहोशी की हालत में मिली मासूम आरोपियों ने छात्रा को हैड़ाखान मार्ग के सुनसान जंगल में ले जाकर डराया-धमकाया और उसे जबरन शराब पिला दी। नशे की हालत में आरोपियों ने कार के भीतर ही किशोरी के साथ बारी-बारी से दरिंदगी की। इधर, बेटी के घर न लौटने पर परिजनों ने काठगोदाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात 10:30 बजे हैड़ाखान रोड पर टॉर्च की रोशनी में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहाँ एक संदिग्ध कार के भीतर छात्रा अचेत अवस्था में मिली।
सलाखों के पीछे आरोपी, पॉक्सो में कार्रवाई पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों मोहित और प्रदीप को दबोच लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी सीज कर दिया है।
"अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए समाज और कानून में कोई जगह नहीं है।" — मनोज कत्याल, एसपी सिटी
