Published:
19 Feb 2026, 10:26 AM
|
Updated:
19 Feb 2026, 10:41 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी। देवभूमि में अपराधियों और अराजक तत्वों के खिलाफ खाकी का 'ऑपरेशन क्रैकडाउन' पूरी रफ्तार से चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के 'अपराध मुक्त जनपद' के संकल्प को पूरा करते हुए हल्द्वानी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टनकपुर रोड स्थित एक होटल में अवैध हथियार के साथ छिपे संदिग्ध को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के निर्देशन में कोतवाल विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र के होटलों और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। बुधवार (18 फरवरी) को जब पुलिस की टीम टनकपुर रोड स्थित एक होटल में वेरिफिकेशन के लिए पहुंची, तो कमरा नंबर [संकेत] में ठहरे युवक की संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का माथा ठनका दिया।
पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली, तो चमोली जिले के जोशीमठ (मोल्टा) निवासी पंकज सिंह बिष्ट के पास से 01 अदद 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक और 03 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी पिछले दो दिनों से होटल में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। आखिर यह अवैध हथियार कहाँ से लाया गया था? क्या हल्द्वानी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश थी? या आरोपी किसी गैंग का हिस्सा है? इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है।
"अपराध और अपराधियों के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी रहेगा। बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले होटल स्वामियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।" — हल्द्वानी पुलिस प्रशासन
पुलिस टीम की जांबाजी:
इस सफल कार्यवाही में चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव उ0नि0 गौरव जोशी, अपर उ0नि0 मान सिंह, कांस्टेबल अरुण राणा और कांस्टेबल कमलेश सिंह नौला की अहम भूमिका रही।
