हल्द्वानी प्रेस क्लब के होली मिलन में बिखरे ब्रज के रंग, फूलों की होली और राधा-कृष्ण की झांकी ने मोहा सबका मन

Published: 03 Mar 2026, 03:03 PM   |   Updated: 03 Mar 2026, 03:05 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हल्द्वानी। रंगों के पावन पर्व होली की खुमारी अब शहर के सिर चढ़कर बोल रही है। प्रेस क्लब हल्द्वानी के तत्वावधान में नवाबी रोड स्थित रूद्राक्ष बैंकट हाल में आयोजित 'होली मिलन महोत्सव' ने मंगलवार को भक्ति, संगीत और उल्लास की त्रिवेणी बहा दी। बरेली से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकी और फूलों की होली ने पूरे वातावरण को वृंदावन के रंग में सराबोर कर दिया।

गीत-संगीत और भक्ति का अनूठा संगम

महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक होली गायन रहा। गायक मनोज प्रभाकर और महिला टीमों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। फूलों की होली के दौरान जब कलाकारों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में नृत्य किया, तो पूरा हॉल 'गोविंदा आला रे' और 'होली खेल रहे नंदलाल' के जयकारों से गूंज उठा।

दिग्गजों ने दी होली की बधाई

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की सराहना की। विधायक सुमित हृदयेश, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा और दिनेश आर्या सहित कई राजनेताओं ने इस आयोजन को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।

"होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि मन के मैल को धोकर प्रेम और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संदेश है। प्रेस क्लब का यह प्रयास सराहनीय है।" - संजय तलवाड़ (अध्यक्ष) एवं कैलाश जोशी (मुख्य संरक्षक), प्रेस क्लब

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम का कुशल संचालन महामंत्री रवि दुर्गापाल, सांस्कृतिक सचिव विशाल शर्मा और दीप्ति चुफाल ने किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम प्रमोद कुमार, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, और सूचना विभाग से गिरजाशंकर जोशी सहित शहर के तमाम गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पत्रकार साथी मौजूद रहे।

वीडियो और देखें
×