हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर हाथी का हमला: बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

Published: 02 Mar 2026, 03:03 PM   |   Updated: 02 Mar 2026, 03:07 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की हाथी के हमले से मौत हो गई। घटना 28 फरवरी की रात लगभग 11 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज क्षेत्र में बेलबाबा मंदिर के पास हुई, जहां अंधेरे में जा रहे दोनों युवक अचानक हाथी की चपेट में आ गए।
पुलिस और वन विभाग के अनुसार दोनों युवक बाइक से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे, तभी सड़क पर अचानक सामने आए हाथी से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद उग्र हुए हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान शकील (26) पुत्र मुन्ना और जाफर निवासी पट्टी बख्श कटरा, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा हल्द्वानी के रूप में हुई है। दोनों युवक हल्द्वानी में कपड़ों और आर्टिफिशियल ज्वेलरी का व्यवसाय करते थे।
हल्द्वानी रेंज के रेंजर ललित जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर हाथी के हमले की पुष्टि हुई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
यह घटना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को एक बार फिर सामने लाती है। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीव क्षेत्रों के पास विशेष सावधानी बरतें, खासकर रात के समय सतर्क रहें और किसी भी जंगली जानवर के करीब जाने से बचें।

वीडियो और देखें
×