हल्द्वानी (जनपद नैनीताल)। पारंपरिक ‘शरदोत्सव मेला, हल्द्वानी’ को उत्तराखंड सरकार के आधिकारिक राज्य मेला कैलेंडर में शामिल किए जाने की मांग को लेकर “मानव विकास सेवा संस्थान” के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया।
संस्थान के अध्यक्ष विक्की योगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1997 से पंजीकृत “मानव विकास सेवा संस्थान” द्वारा वर्ष 1999 से हल्द्वानी में पारंपरिक “शरदोत्सव मेला” का निरंतर सफल आयोजन किया जा रहा है। पिछले लगभग 25 वर्षों से यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले के मुख्य संरक्षक जिलाधिकारी नैनीताल होते हैं, जबकि संरक्षक मंडल में उपजिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी शामिल रहते हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पांच दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाता है। साथ ही स्थानीय कलाकारों और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मंच प्रदान कर राज्य की फिल्म, कला और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है। मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनी के जरिए स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिलता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं और राजस्व में वृद्धि होती है।
संस्थान ने अपने दूसरे ज्ञापन में पर्यटन और तीर्थाटन को राज्य की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताते हुए जनपद नैनीताल के छोटा कैलाश में आयोजित शिवरात्रि मेले को एक सप्ताह तक आयोजित करने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में उपजिलाधिकारी नैनीताल को नोडल अधिकारी नियुक्त कर मेले का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष विक्की योगी, जो पूर्व में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सदस्य रह चुके हैं, ने कहा कि “शरदोत्सव मेला” केवल सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का मंच ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, सचिव संस्कृति युगल किशोर पंत और सचिव पर्यटन धीराज गर्व्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव पूनम चंद, कोषाध्यक्ष साक्षी बेलवाल, संरक्षक जी.एस. रावत, अमनप्रीत सिंह अरोड़ा राजा, पंकज मिश्रा, संयम मल्होत्रा, जगदीश उपाध्याय, राजू शर्मा, कौस्तुभ चंदोला, सरोज बिष्ट, भाजपा नेता जहीर अंसारी, भुवनेश्वरी जोशी, हरीश चंद्र और शंकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
