Published:
28 Feb 2026, 11:05 AM
|
Updated:
28 Feb 2026, 11:10 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी: सरोवर नगरी के सुशीला तिवारी अस्पताल के समीप शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के पास खड़ी एक संदिग्ध कार के भीतर से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित प्रसिद्ध ‘घूंघट बैंक्वेट हॉल’ के स्वामी अरुण बिष्ट के रूप में हुई है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने अस्पताल के पास एक संदिग्ध कार खड़ी देखी, जिसके सभी शीशे पूरी तरह बंद थे। सूचना मिलते ही सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार के दरवाजे लॉक होने के कारण उन्हें तोड़कर युवक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि उस समय कार का एसी ऑन था, जिसके कारण युवक का शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और फॉरेंसिक टीम के साक्ष्यों के आधार पर माना जा रहा है कि कार के शीशे बंद होने और लंबे समय तक एसी चलने से कार्बन मोनोऑक्साइड के रिसाव या ऑक्सीजन की कमी के कारण युवक का दम घुट गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने कार के भीतर से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं ताकि किसी भी तरह की साजिश की संभावना को खारिज किया जा सके।
चूंकि घटनास्थल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के बेहद करीब है, इसलिए खुफिया विभाग (एलआईयू) भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और मामले की हर एंगल से मॉनिटरिंग की जा रही है। एक युवा व्यवसायी की इस तरह मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
