हरिद्वार: शत-प्रतिशत बजट खर्च करने के निर्देश, डीएम मयूर दीक्षित ने की योजनाओं की सख्त समीक्षा

Published: 23 Feb 2026, 12:27 PM   |   Updated: 23 Feb 2026, 12:27 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

तीर्थ नगरी हरिद्वार में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

बैठक में जिला योजना, राज्य योजना एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष व्यय की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के निकट है, ऐसे में जिन विभागों ने अभी तक शत-प्रतिशत बजट खर्च नहीं किया है, वे फरवरी माह के अंत तक पूरी धनराशि व्यय करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सेक्टर के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।

बी और डी श्रेणी वाले विभागों को ए श्रेणी में लाने के निर्देश

बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जो विभाग वर्तमान में बी एवं डी श्रेणी में हैं, वे कार्यप्रणाली में सुधार कर ए श्रेणी में आने के लिए ठोस प्रयास करें।

मुख्यमंत्री घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई

जनपद में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं पर तत्परता और गंभीरता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की देरी या ढिलाई न बरती जाए।

21 फरवरी से 3 मार्च तक विशेष सड़क सफाई अभियान

हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से 21 फरवरी से 3 मार्च तक विशेष सड़क सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग करें और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, धार्मिक संस्थाओं व ग्रामीणों को इसमें शामिल करें।

उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिले, ताकि वे यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें।

वीडियो और देखें
×