Published:
19 Mar 2026, 08:49 AM
|
Updated:
19 Mar 2026, 08:50 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र में स्थित खड़खड़ी हिल बाईपास मार्ग पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में जा गिरी, जिससे कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा खड़खड़ी की नई बस्ती के ऊपरी हिस्से में हुआ, जहां वन विभाग के बैरियर की ओर से नीचे आ रही कार (यूके 08 एवाई 9378) अचानक नियंत्रण खो बैठी। कार सड़क किनारे बनी मिट्टी की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी युवक कनखल क्षेत्र के निवासी हैं। हालांकि, अभी तक घायलों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
राहत की बात यह रही कि यह दुर्घटना रिहायशी इलाके के पास होने के बावजूद कार किसी घर या राहगीर से नहीं टकराई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
