Published:
23 Feb 2026, 11:30 AM
|
Updated:
23 Feb 2026, 11:33 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों और गंगा संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक होने वाले महाकुंभ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। ऐसे विशाल आयोजन के लिए गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। इसके अलावा उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹253 करोड़ के प्रस्तावों, जल जीवन मिशन के तहत अतिरिक्त राशि जारी करने और इकबालपुर, कनखल एवं जगजीतपुर नहर प्रणाली की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे 665 क्यूसेक पानी असिंचित भूमि में उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र के लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की पेयजल समस्या का भी समाधान होगा।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।”
इस बैठक से स्पष्ट है कि हरिद्वार कुंभ 2027 सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं।
