Published:
16 Dec 2025, 11:38 AM
|
Updated:
16 Dec 2025, 11:37 AM
Category:
उत्तर प्रदेश
|
By: Admin
आज मंगलवार तड़के उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सुबह करीब चार बजे घने कोहरे के कारण एक के बाद एक सात बसों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ बसों में आग लग गई। इस हादसे में अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
यह हादसा मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कोहरा काफी घना था, जिसके चलते सात बसें आपस में टकरा गईं और उनमें आग लग गई। हालांकि, आग लगने के कारणों की फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बसों में कई यात्री सवार थे।
एक चश्मदीद ने बताया कि जब टक्कर हुई, वह बस में सो रहा था। टक्कर के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि इन सात बसों में एक रोडवेज बस थी, जबकि बाकी स्लीपर बसें थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे में सात बसों और तीन छोटी गाड़ियों की टक्कर हुई है। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
