देहरादून में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की ओर से 26 फरवरी को सेवानिवृत सैनिक दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे सीमाद्वार स्थित कैंप परिसर के रैन्बो हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सम्मान देना ही नहीं, बल्कि अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत कार्मिकों एवं दिवंगत जवानों के आश्रितों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना भी है।
समस्याओं पर होगा गहन विचार-विमर्श
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों और आश्रितों से प्राप्त होने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव नहीं होगा, उन्हें राज्य कल्याण अधिकारी के पास अग्रसारित किया जाएगा, ताकि समयबद्ध और उचित कार्रवाई हो सके।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
देहरादून और हरिद्वार परिक्षेत्र में निवास करने वाले भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के सभी सेवानिवृत पदाधिकारियों एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजकों का कहना है कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और उनका योगदान देश के लिए अमूल्य है। ऐसे आयोजन उनके सम्मान, संवाद और कल्याण के उद्देश्य को मजबूत करते हैं।
