Published:
02 Mar 2026, 03:13 PM
|
Updated:
02 Mar 2026, 03:13 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
किच्छा में टैम्पो स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के बाहर सुबह मुर्गे का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग भी वहां पहुंचकर मामले की जांच की मांग करने लगे।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी और किच्छा कोतवाल प्रकाश दानू के नेतृत्व में पुलिस ने हालात को संभाला और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
जांच में सामने आया कि मंदिर के बाहर किसी व्यक्ति द्वारा मुर्गे का सिर नहीं रखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखा कि एक कुत्ता मुंह में मांस का टुकड़ा लेकर घूम रहा था और उसी दौरान वह टुकड़ा मंदिर के बाहर गिर गया। इसी दृश्य को देखकर लोगों ने गलत आशंका लगा ली थी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और प्रदर्शनकारियों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूरी स्थिति स्पष्ट की, जिसके बाद माहौल शांत हो गया और भीड़ छंट गई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना पर बिना पुष्टि के अफवाह न फैलाएं और शांति व सौहार्द बनाए रखें। पुलिस की त्वरित जांच और सतर्कता से संभावित तनाव की स्थिति को समय रहते टाल दिया गया।
