Published:
28 Feb 2026, 06:55 AM
|
Updated:
28 Feb 2026, 05:18 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
रंगों और उल्लास के पर्व होली की आहट के साथ कोटाबाग का डाक बंगला मैदान शनिवार को महिला शक्ति और कुमाऊंनी संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठा। क्षेत्र के गैबुआ, पत्तापानी, बैलपोखरा, धमोला, पवलगढ़, दोहनिया, चांदपुर, आंवलाकोट, दे गांव, मूसाबगर और नयागांव सहित विभिन्न ग्राम सभाओं से पहुंची लगभग 2500 महिलाओं ने होली मिलन समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में लोकगायिका माया उपाध्याय के लोकप्रिय पहाड़ी गीत गूंजते ही महिलाएं झूम उठीं और पूरा मैदान पारंपरिक नृत्य से थिरकने लगा। मंच पर कोटाबाग बाजार और ग्राम सभा पांडेगांव की महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी होली की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने आयोजन में शामिल सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया और सभी से प्रेम, सौहार्द व परंपराओं के साथ धूमधाम से होली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में कोटाबाग अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक एकता के कारण विशिष्ट पहचान रखता है।
कार्यक्रम की सफलता में चंपा छिमवाल, अपूर्व बिष्ट, दीपा ढोडियाल, गीता तिवारी, प्रभा पांडे, प्रेम देवी, भारती बिष्ट, रिया बिष्ट, देवेंद्र ढोडियाल, मदन बजावल और चंद्रशेखर बुडलाकोटी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
होली के रंगों, लोकगीतों और महिला सहभागिता से सजा यह समारोह क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत मिसाल बन गया।
