Published:
02 Apr 2026, 04:21 PM
|
Updated:
02 Apr 2026, 04:22 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में उच्चस्तरीय बैठक की और विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कुंभ मेला 2027 का आयोजन दिव्य और भव्य हो, इसके लिए सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने हरिद्वार में सीवर लाइन निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़कों की मरम्मत तुरंत कराने और शेष कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा की स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी हाल में गंदा पानी गंगा नदी में न जाए और सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ा जाए।
मुख्य सचिव ने कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए पीएनजी कनेक्शन वितरण हेतु शिविर लगाने और आश्रम, होटल व धर्मशालाओं से आवेदन लेने के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने, भूमिगत लाइनों की मरम्मत और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पर भी विशेष जोर दिया गया।
घाटों की सुरक्षा, पुलिस पेट्रोलिंग और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने, 3 मेगावाट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और कुंभ के दौरान एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस व बोट एंबुलेंस की तैनाती पर चर्चा की गई।
ट्रैफिक और पार्किंग योजना को लेकर मुख्य सचिव ने सभी हितधारकों से सुझाव लेने और अंतिम योजना तैयार कर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत हो चुके हैं तथा 32 सेक्टरों का विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।
इससे पहले मुख्य सचिव ने श्री गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम, होटल संचालकों और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव लिए और सभी से कुंभ मेला 2027 को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
